
संवाददाता, नोवामुंडी
नोवामुंडी प्रखण्ड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित प्लस टू उत्क्रमित हाई स्कूल जेटेया ने इस वर्ष 12वीं कक्षा (कला संकाय) की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100% परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के कुल 22 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया और सभी सफल घोषित हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
इस परीक्षा परिणाम में 6 छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी तथा 16 छात्र-छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की।
विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा—
नेह मियां भुइंया और लाल मोहन लागूरी ने संयुक्त रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 356 अंक (71.2%) प्राप्त किए।
शीला बोईपाई ने 335 अंक (67%) हासिल किए।
वहीं राधिका तिरिया ने 328 अंक (65%) प्राप्त कर विद्यालय में अपना स्थान मजबूत किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता कुमारी ने इस शानदार परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों की निरंतर मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि वे भी किसी से कम नहीं हैं।
यह परिणाम न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और विद्यार्थी अपने परिश्रम से क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
