
कांड्रा:सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक अज्ञात महिला ने रेलवे ओवरब्रिज से नीचे छलांग लगा दी। गनीमत यह रही कि जिस स्थान पर महिला गिरी, वहां भारी मात्रा में कोयला डस्ट (धूल) पड़ा हुआ था, जिससे महिला की जान बाल-बाल बच गई। हालांकि, ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
राहगीरों की तत्परता से मिली मदद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को अचानक एक महिला को ओवरब्रिज से नीचे कूदते देख राहगीर सन्न रह गए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और घायल महिला को उठाया। तत्काल एक ऑटो की व्यवस्था कर उसे कांड्रा थाना पहुंचाया गया, जहां से पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस जांच में जुटी
कांड्रा थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की जान खतरे से बाहर है, लेकिन वह अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संपर्क कर महिला की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है ताकि उसके परिजनों को सूचित किया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि महिला ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
