
कांड्रा:सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा क्षेत्र अंतर्गत सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल पाऊड़ी स्थान के वरिष्ठ सेवादार और बलि पुजारी भीम सरदार (70 वर्ष) का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही मंदिर से जुड़े भक्तगणों और स्थानीय ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।

दशकों से मंदिर की सेवा में थे समर्पित
पाऊड़ी स्थान के महंत भैरव गिरी महाराज ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि भीम सरदार पिछले कई दशकों से मंदिर की सेवा में समर्पित थे। मंदिर में होने वाली विशेष पूजा और अनुष्ठानों में पाठा की बलि देने का कार्य मुख्य रूप से उन्हीं के द्वारा संपन्न किया जाता था। महंत ने बताया कि भीम सरदार पिछले तीन महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से मंदिर परिवार ने अपना एक सच्चा सेवादार खो दिया है।
समाजसेवियों ने दी अंतिम विदाई
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी राम महतो और विजय महतो तुरंत पाऊड़ी स्थान पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने भीम सरदार की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मंदिर परिसर के समीप ही पूरे विधि-विधान के साथ उन्हें दफनाया गया।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि
समाजसेवी राम महतो ने कहा, “भीम सरदार का व्यक्तित्व बहुत सरल था। मंदिर के प्रति उनकी निष्ठा और सेवा हमेशा याद की जाएगी। उनकी कमी को पूरा करना असंभव है।” वहीं, समाजसेवी विजय महतो ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भीम सरदार केवल एक पुजारी नहीं, बल्कि इस पावन स्थल की परंपराओं के रक्षक थे, उनके जाने से एक युग का अंत हो गया है।इस दुखद घड़ी में मंदिर कमेटी के सदस्यों और आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। वही उनके अंतिम यात्रा में मुख्य रूप से समाजसेवी राम महतो,समाजसेवी विजय महतो,पाऊड़ी स्थान के महंत भैरव गिरी महाराज, राजकिशोर महतो, भारत महतो. डाबू महतो, गिंटू सरदार, एल मंडल शामिल थे
