
झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची द्वारा विगत सप्ताह में माननीय न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के मार्गदर्शन में प्रारंभ किए गए “प्रोजेक्ट बाल सुरक्षा” के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा एक भटके हुए बच्चे के परिजनों की तलाश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला एवं प्रधान सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा श्री मोहम्मद शाकिर अहमद के मार्गदर्शन तथा प्राधिकार के सचिव श्री रवि चौधरी के नेतृत्व में इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जगन्नाथपुर साप्ताहिक हाट क्षेत्र में एक छोटा बच्चा अकेला और असहाय अवस्था में पाया गया, जिसकी उम्र 5-7 वर्ष है और वह अपने माता-पिता या गाँव के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था।
सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा के पारा लीगल वालंटियर उमर सादिक ने बच्चे की जानकारी ली तथा उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे जगन्नाथपुर थाना में सुरक्षित रखा गया, ताकि उसके परिजनों की पहचान कर उनसे संपर्क स्थापित किया जा सके।
वर्तमान में प्रोजेक्ट “बाल सुरक्षा” के तहत संबंधित विभागों, पुलिस प्रशासन एवं बाल कल्याण समिति के सहयोग से बच्चे के परिवार की तलाश की जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इस बच्चे के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तुरंत स्थानीय पुलिस थाना अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करें, ताकि बच्चे को सुरक्षित रूप से उसके परिवार तक पहुँचाया जा सके।
