
नोवामुंडी, कोटगढ़ पंचायत अंतर्गत कुम्रिता टोला के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। गांव की संकरी सड़कों पर बेरोकटोक दौड़ रहे भारी वाहनों से परेशान ग्रामीणों ने एक संयुक्त बैठक कर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार परिचालन से गांव की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा, भारी वाहनों से उड़ती धूल ने प्रदूषण को बढ़ा दिया है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में सांस संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।

ग्रामीणों ने 8 फरवरी को पंचायत मुखिया और थाना प्रभारी के साथ निर्णायक बैठक करने का निर्णय लिया है, जिसमें वे सड़कों पर भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग रखेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे गांव की सड़कों और स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।
