
बड़ा जामदा | सोमवार — ज्ञान चंद्र जैन सरस्वती शिशु मंदिर, बड़ा जामदा में सोमवार को सप्तशती संगम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नारी शक्ति, कुटुंब प्रबोधन, संस्कार निर्माण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख नोवामुंडी श्रीमती पूनम गिलुवा रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि उपप्रमुख ज्योति दास, पंचायत प्रमुख पार्वती देवी, जमशेदपुर विभाग संयोजिका श्रीमती सीमा पालित, जिला सह संयोजिका शारदा कुमारी एवं श्रीमती सुलक्षणा प्रधान उपस्थित रहीं। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्मृतिचिन्ह, अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।

विभाग संयोजिका श्रीमती सीमा पालित ने प्रस्तावना में कहा, “परिवार में संस्कार, सद्भावना एवं राष्ट्रीय चेतना के निर्माण में नारी की भूमिका सर्वोपरि है।” इसके पश्चात विद्यालय की बहनों ने सामूहिक गीत “हम ही मात्र शक्ति हैं” प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
जिला संयोजिका शारदा कुमारी ने माताओं को नारी के सात गुणों, संयुक्त परिवार की महत्ता, बच्चों में संस्कार-संस्कृति का विकास, मोबाइल उपवास सप्ताह, परिवार के साथ भोजन और पर्यावरण संरक्षण पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पूजा कुमारी दीदी द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देने वाली माताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रेरणादायक वेशभूषा प्रस्तुति में बहन पूर्णिमा गिरी ने रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण कर संदेश दिया।

सुलक्षणा प्रधान ने महिलाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, अतिथि सत्कार और बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में विशिष्ट माताओं का सम्मान किया गया और दो माताओं ने अनुभव कथन साझा कर परिवार के साथ भोजन का संकल्प लिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में उपप्रमुख ज्योति दास ने माताओं को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। अंत में पूजा कुमारी द्वारा आभार ज्ञापन एवं जिला सह संयोजिका शारदा कुमारी द्वारा संकल्प दिलाया गया। इस संगम में कुल 40 माताओं की सक्रिय सहभागिता रही और सभी दीदियों के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा।
