
श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के प्रेक्षागृह में सोमवार को झारखंड राष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव – 2025 के छठे संस्करण का शुभारंभ उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा के बीच हुआ। हालांकि मंच पर कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ मौजूद थीं, लेकिन पूरे आयोजन की धड़कन रहे महोत्सव के संस्थापक संजय सत्पथी और राजू मित्रा शुरुआत से अंत तक चर्चा में बने रहे। उनके संगठन, नेतृत्व और फ़िल्म संस्कृति को जमीनी स्तर तक ले जाने की प्रतिबद्धता ने इस महोत्सव को एक विशिष्ट पहचान दी है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त परुल सिंह तथा सह मुख्य अतिथि श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के कुलपति सुखदेव महतो उपस्थित रहे। डॉ. जे.एन. दास, डॉ. ज्योति सिंह, पूरबी घोष, पवन कुमार साव, चंचल भाटिया, नेहा तिवारी, ज्योति सेनापति एवं पूर्व वार्ड पार्षद नीतू शर्मा सहित कई सम्मानित व्यक्तियों की मौजूदगी ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत और परिचय से हुई। इसके बाद अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर संस्थापक संजय सत्पथी और राजू मित्रा ने अपने संबोधन में महोत्सव की स्थापना, उद्देश्य और झारखंड में बढ़ते फ़िल्म मेकिंग मूवमेंट की दिशा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का लक्ष्य झारखंड की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजन के दौरान लोकप्रिय शॉर्ट फ़िल्म “सिल्क कॉफिन” की विशेष स्क्रीनिंग की गई, जिसे दर्शकों ने सराहा। समारोह के संचालन और कार्यक्रम संरचना में क्रिएटिव डायरेक्टर डॉ. शालिनी प्रसाद एवं शिवांगी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छह दिवसीय यह फ़िल्म महोत्सव 08 से 13 दिसंबर तक चलेगा। 09 से 12 दिसंबर तक विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों का प्रदर्शन होगा, जबकि 13 दिसंबर को एक्स एल आर आई, जमशेदपुर में ग्रैंड अवार्ड नाइट आयोजित की जाएगी।
आयोजन समिति, अतिथियों, प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा और झारखंड में बढ़ती फ़िल्म संस्कृति का एक सशक्त संकेत प्रस्तुत कर गया।
