

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर प्रखंड सभागार में बीडीओ मारुति मिंज की अध्यक्षता में बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य रूप से मौजूद सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रामकृष्ण कुमार ने कहा कि 21 जुलाई से 21 अगस्त तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इसमें 17 अक्तूबर से 30 नवम्बर तक यदि कोई दावा या आपत्ति हो तो उसे दर्ज कराया जा सकेगा। जिस-जिस घर का सर्वे होगा, उसकी पहचान के लिए घर के बाहर इस आशय का एक स्टीकर भी चिपकाया जाएगा। साथ ही सर्वे करने वाले इससे जुड़ा ब्योरा एक रजिस्टर में भी दर्ज करेंगे। इसका सत्यापन भी कराया जाएगा। मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची प्रारूप प्रकाशन करने, दावा एवं आपत्ति दाखिल करने, दावा एवं अपत्ति निस्तार करने, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य, शुद्धिकरण व मृत मतदाता का नाम हटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रम के अनुसार बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर इलेक्टोरल वेरिफिकेशन कार्य किया जाएगा। इस दौरान वैसे वोटर जिनकी मृत्यु हो गई है उनका नाम हटाया जाएगा। साथ हीं 18 वर्ष के नए वोटर्स का नाम जोड़ा जाएगा एवं अन्य मतदाता सूची से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इसमें सीओ मनोज कुमार, जेएसएस दयानंद प्रसाद समेत बीएलओ शामिल हुए।
