
जमशेदपुर। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल तथा डीएम लाईब्रेरी का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम डिमना अवस्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच कर अस्पताल के कई वार्डो को निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनका हाल जाना तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं अथवा परेशानियों से अवगत हुए।

उन्होंने पूर्व में किये गये निरीक्षण तथा दिये गये निर्देश के आलोक में अधिकारियों को अस्पताल व्यवस्था में सुधार हेतु किये गये अबतक के प्रगति पर असंतोष जाहिर करते हुए व्यवस्था में सुधार लाने का अल्टीमेटम दिया। एमजीएम अस्पताल पहुंच कर उपायुक्त ने सबसे पहले इमरजेंसी, फार्मेसी, आईसीयू, सीटी स्केन, निबंधन काउंटर तथा निर्मानाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया और वहां मरीज से एवं कर्मचारियों से बात की। अस्पताल में रोगियों एवं परिजनों की सुविधा के लिए उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए अस्पताल प्रबंधन से जानकारी मांगी और कहा कि जो समस्याएं अस्पताल में अभी हैं उसे कैसे दूर किया जा सकता है उसके समाधान की दिशा में ठोस पहल सुनिश्चित करें। साथ हीं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को यथाशीध्र पुरा कराते हुए पानी की समस्या को अस्पताल अधीक्षक, संवेदक एवं मानगो नगर निगम आपसी समन्वय स्थापित कर गर्मी से पूर्व अस्पताल में पानी की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस दौरान एसडीओ श्री अर्नव मिश्रा, एडीसी श्री संतोष गर्ग, सहित अस्पताल अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
डीएम लाइब्रेरी साकची का जीर्णोधार कार्य का निरीक्षण कर उपायुक्त ने जल्द लाइब्रेरी का संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
डीएम लाइब्रेरी साकची का निरीक्षण उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने जल्द लाइब्रेरी का संचालन हेतु किये जा रहे आधारभूत व्यवस्थाओं यथा लाइब्रेरी में छात्रों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, बेंच-डेस्क, पठन सामग्री, रोशनी, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं आदि कार्यो का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि डीएम लाइब्रेरी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं एवं आम पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र बने, इस दिशा में जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। उन्होने उप नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां जल्द पूर्ण की जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि लाइब्रेरी का संचालन सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान एसडीओ श्री अर्नव मिश्रा, उप नगर आयुक्त श्री कृष्णा कुमार, डीटीओ श्री धनंजय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
