

कांग्रेस प्रदेश सचिव सह जिला बीस सूत्री सदस्य सुरेश धारी आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 34 के भ्रमण के क्रम में बाबा कुटी पहुंचे। जहां रोड नम्बर एस- 2 की दुर्दशा देख नगर निगम के कार्यशैली पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने तत्काल सिटी मैनेजर से बात कर वस्तु स्थिति से अवगत करा भौतिक सत्यापन के लिए तलब किया। हालांकि सिटी मैनेजर ने व्यस्तता का हवाला देकर मंगलवार को आने का भरोसा दिया। इसके बाद सुरेश धारी ने सफाई सुपरवाइजर को बुलाकर जाम पड़े नाले को साफ करवाया। बता दें कि बाबा कुटी से होकर वार्ड 33 का पानी निकलता है।

नाले की स्थिति अत्यंत दयनीय है। जहां-तहां नाला टूट गया है। जिससे नाले का पानी सड़कों पर बह रहा है। पिछले 10 साल से लगातार एक ही परिवार से दोनों वार्ड के पार्षद का परिवार क्षेत्र का नेतृत्व कर रहे हैं। मगर इतने महत्वपूर्ण नाले को लेकर किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। नतीजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इतना ही नहीं जलापूर्ति को लेकर खोदे गए गड्ढों का रीस्टोरेशन भी नहीं किया गया है। पेवर्स ब्लॉक की सड़कें गायब हो चुकी हैं। कांग्रेस नेता ने कहा नगर निगम के चुने हुए जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और विभागीय पदाधिकारियों की अनदेखी की वजह से क्षेत्र के लोग नारकीय जीवन जीने को विवश है।. उन्होंने इसकी शिकायत सांसद गीता कोड़ा से करने की बात कही।
