
आदित्यपुर थाना अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र के जेजेसीओ प्रेस मेटल प्रा लि कंपनी में काम के दौरान महावीर प्रधान (47) नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। कंपनी प्रबंधन द्वारा आनन- फानन में घायल महावीर प्रधान को टीएमएच ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह महाली मुरुप का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार मृतक मजदूर पिछले लगभग 10 सालों से उक्त कंपनी में दिहाड़ी मजदूर के रुप में काम करता था। सोमवार सुबह वह काम के दौरान ग्राइंडर मशीन की चपेट में आ गया। हैरान करने वाली बात यह है कि घायल मजदूर को टीएमएच पहुंचाने वाले ने अपना नाम और पता गलत दर्ज कराया। परिजनों को दोपहर बाद इसकी जानकारी मिली। परिजन जब कंपनी पहुंचे तो प्रबंधन ने मृतक के आश्रित को एक- एक लाख देने की बात कही। जिसपर परिजन वापस लौट गए और इसकी जानकारी आजसू नेता माणिक मल्लिक और सुंदर नगर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सोमनाथ चक्रवर्ती को दी। दोनों नेता परिजनों को ले आदित्यपुर थाना पहुंच शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने 20 लाख रुपए मुआवजा, मृतक की दो बेटियों के शादी का खर्च, श्राद्ध कर्म में होने वाला खर्च एवं मृतक की पत्नी को स्थाई नौकरी देने की मांग की है। जानकारी मिलते ही थानेदार राजन कुमार दल बल के साथ कंपनी पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक वार्ता नहीं हो सकी है। थानेदार राजन कुमार ने बताया कि किसी हाल में मजदूर के साथ नाइंसाफी होने नहीं दी जाएगी।
