
नोवामुंडी। 24 सितंबर को नोवामुंडी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. मनोजीत विश्वास के निर्देश पर 56वाँ राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाएँ, एनएसएस इकाई के सदस्य, स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। एनएसएस स्वयंसेवकों में बासमती मुर्मू, पायल बेहरा, समिता गोप, मनीष कुमार पान आदि ने अपने अनुभव साझा किए तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को लेकर विचार व्यक्त किए।कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

एनएसएस स्वयंसेवक कॉलेज की सीमाओं से बाहर निकलकर गांवों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा नशे की लत, अशिक्षा, डायन प्रथा और अंधविश्वास के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की।उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान के माध्यम से गिरजाघर, मंदिर और मस्जिद जैसे विभिन्न धार्मिक स्थलों की बिना किसी भेदभाव के सफाई कर स्वच्छता, सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आगे भी इसी तरह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।स्वच्छता पर चर्चा करते हुए प्राचार्य ने कहा कि स्वच्छता केवल हमारे घर या आसपास के क्षेत्र तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। विद्यार्थियों और युवाओं को स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हुए अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।इस अवसर पर उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं में प्रो. पी.एन. महतो, साबिद हुसैन, कुलजिंदर सिंह, भवानी कुमारी, नरेश पान, तन्मय मंडल, शांति पूर्ति एवं सुमन चतोम्बा ने भी एनएसएस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करने में एनएसएस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वयंसेवकों को शिक्षा, स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का मंच संचालन साबिद हुसैन ने किया, जबकि भवानी कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
