
प्रतिनिधि, नोवामुंडी। हरितालिका तीज के अवसर पर सोमवार को नोवामुंडी में देर रात तक भक्ति और आस्था का माहौल रहा। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचीं। बंगाली पाड़ा, लखन साई, बाजार मंदिर, डीवीसी शिव मंदिर, मनसा मंदिर टोला, कुम्हार टोली और सेंट्रल कैंप बालीझरण में महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

व्रती महिलाओं ने फल, फूल, बेलपत्र, अक्षत, रोली, सिंदूर और सुहाग सामग्री अर्पित कर पति की लंबी आयु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई पूजा स्थलों पर तीज व्रत कथा, भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन हुआ। माता पार्वती की तपस्या और भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने की कथा श्रद्धापूर्वक सुनी गई।

पूजा स्थलों को दीप, फूल, रंगोली और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। निर्जला व्रत के बावजूद महिलाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

कई स्थानों पर देर रात तक पूजा-अनुष्ठान और आरती का दौर चलता रहा। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय माता पार्वती’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
9
