
पाकुड़। अमड़ापाड़ा बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई हथियारबंद लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब एक किलो चांदी के आभूषण, हथियार, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन समेत घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, अमड़ापाड़ा बाजार में ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लूटे गए चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बाइक भी जब्त की हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा लूटकांड में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता और पूर्व की आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
