
जमशेदपुर : साकची स्थित भारतीय मॉडल मिडिल स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन विद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में किया गया। समारोह उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ उनकी प्रतिभा और रचनात्मक कौशल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि ज्ञान तनेजा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के संयुक्त सचिव देवेन्द्र कुमार चतरथ, सदस्य राजीव तलवार, शिक्षाविद् अर्चना रेहाल सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत गायत्री मंत्र और स्वागत नृत्य से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने “नशामुक्त युवा, विकसित भारत” विषय पर जागरूकता से भरपूर नाटक प्रस्तुत किया, जबकि नन्हे बच्चों ने “मोबाइल की आदत” पर आधारित नाटकीय-नृत्य के माध्यम से आधुनिक समय की एक गंभीर समस्या को प्रभावी ढंग से दर्शाया। नागपुरी लोकनृत्य की प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने शिशु वर्ग से लेकर कक्षा आठवीं तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा विशिष्ट उपलब्धि, सर्वाधिक उपस्थिति तथा रचनात्मक कौशल के लिए भी विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।
