
संवाददाता, नोवामुंडी
प्रखंड मुख्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नोवामुंडी की छत पर पीपल और बरगद के कई पेड़ उग आए हैं.समय रहते इन्हें नहीं हटाया गया तो अस्पताल भवन को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.
अस्पताल की छत पर लगभग 5 से 6 पीपल के पौधे और 3 से 4 बरगद के पेड़ उग चुके हैं.इनकी जड़ें धीरे-धीरे छत के भीतर फैल रही हैं, जिससे भवन की संरचना कमजोर होने की आशंका बढ़ गई है.यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में छत में दरारें, रिसाव और अन्य तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल प्रशासन की नजर अब तक इस ओर नहीं गई है.पौधे लगातार बड़े होते जा रहे हैं, लेकिन उन्हें हटाने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि भवन की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल इन पेड़ों को हटाया जाए तथा छत की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सके और मरीजों की सुरक्षा बनी रहे।
