
प्रतिनिधि, संचार भारत न्यूज़विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने एवं सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज केन्द्रीय विद्यालय, मेघातुबुरु में छात्रवृत्ति जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया।शिविर में खदान कर्मियों के बच्चों एवं अभिभावकों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, पात्रता मानदंड तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस दौरान कुल 39 खदान कर्मियों के बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (National Scholarship Portal) पर सफलतापूर्वक कराया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में अमित विश्वास, महाप्रबंधक (HR), रोहित टोप्पो, सहायक महाप्रबंधक (HR) एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

साथ ही केन्द्रीय विद्यालय मेघातुबुरु के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार एवं विद्यालय के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से शिविर सुचारू रूप से संपन्न हुआ।मौके पर श्रम कल्याण संगठन के कल्याण प्रशासक उदय शंकर एवं उनकी टीम तथा सीएससी प्रतिनिधि जतिन पोद्दार द्वारा पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक कार्यों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।

उनकी सक्रिय भूमिका से पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाया गया।इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा जरूरतमंद एवं योग्य छात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायक साबित होते हैं।
