
प्रतिनिधि, नोवामुंडी
नोवामुंडी थाना के समीप ओवरब्रिज के डेंजर मोड़ और डीवीसी रोड पर इन दिनों आवारा मवेशियों का जमावड़ा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी आफत बन गया है। दिन हो या रात, बड़ी संख्या में मवेशी सड़क के बीचों-बीच डेरा जमाए रहते हैं। इसके कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की गंभीर आशंका बनी हुई है।
सड़क पर जमा इन मवेशियों की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी सुबह के वक्त होती है। स्कूल जाने के दौरान बच्चों, उनके अभिभावकों और दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को रास्ता निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है। डेंजर मोड़ पर तीखा मोड़ होने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर भले ही बड़े-बड़े जागरूकता अभियान चलाए जाते हों, लेकिन जमीनी हकीकत प्रशासनिक अनदेखी को बयां कर रही है। दो दिन पहले ही अंधेरे के कारण एक अनियंत्रित बाइक सवार सड़क पर बैठे मवेशी से टकराकर गिर पड़ा था। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जनता की मांग:
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि आवारा मवेशियों को सड़क से हटाने और क्षेत्र में नियमित निगरानी की व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
