
आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां)।
आदित्यपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस बल ने देर रात मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर ड्रग तस्कर डोली परवीन के बेटे शाहबाज खान को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी की इस तत्परता को नशे के सिंडिकेट पर एक बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शाहबाज खान आदित्यपुर थाना कांड संख्या 303/2025 के तहत दर्ज मामले में वांछित चल रहा था। थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में देखा गया है, जिसके बाद तुरंत विशेष टीम का गठन कर देर रात छापेमारी की गई और उसे धर दबोचा गया।
शाहबाज खान पर आरोप है कि वह बाहरी राज्यों से अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खेप मंगवाता था। इसके बाद वह अपने नेटवर्क के जरिए आदित्यपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में इसे बेचता था। जानकारी के अनुसार, शाहबाज का पुराना इतिहास भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा रहा है और वह पहले भी ड्रग्स की तस्करी से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन की लगातार छापेमारी जारी रहेगी।
