
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला उत्पाद विभाग ने नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। इसी कड़ी में जिला उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में एक टीम ने गमहरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न बार एवं रेस्टोरेंट का सघन निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान उत्पाद अधीक्षक एवं उत्पाद निरीक्षकों की टीम ने प्रतिष्ठानों में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की बारीकी से जांच की। टीम ने मुख्य रूप से रेस्टोरेंट और बार में लगी सीसीटीवी व्यवस्था, लाइसेंस, जरूरी सरकारी अभिलेखों और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। जांच के दौरान संचालकों को प्रशासन एवं विभाग द्वारा निर्धारित सभी नियमों और गाइडलाइन्स का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने की कड़ी हिदायत दी गई

।
निरीक्षण के दौरान जिला उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को बार परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही, कम उम्र के युवाओं को किसी भी परिस्थिति में मदिरा परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष अभियान में जिला उत्पाद अधीक्षक के साथ उत्पाद विभाग के कई निरीक्षक और पुलिस बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।
