
नोवामुंडी: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रविवार को नोवामुंडी के बीडीओ पप्पू रजक ने एक मिसाल पेश की। लगातार हो रही बारिश के बीच उन्होंने “गाँव-गाँव, पाँव-पाँव” अभियान के तहत टाटरा हटिंग और आजाद बस्ती समेत कई क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। हाथ में छाता थामे और पैरों में चप्पल पहने बीडीओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया

और समय पर जरूरी दस्तावेज बीएलओ के पास जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र मतदाता का नाम सूची में होना जरूरी है। इसके बाद उन्होंने टाटरा हटिंग और पंचायत भवन में बीएलओ के साथ बैठक कर घर-घर सर्वे, प्रपत्र वितरण और सत्यापन कार्य में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया, ताकि कोई भी योग्य नागरिक छूट न जाए।
