
नोवामुंडी: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए नोवामुंडी प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पप्पू रजक स्वयं स्कूटी पर सवार होकर प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न बूथों पर पहुंचे और एसआईआर से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बीडीओ कोटगढ़ पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने बूथों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा ग्रामीणों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया।

इसके बाद बीडीओ महुदी पंचायत सचिवालय से पैदल ही मिडिल स्कूल, नोवामुंडी बाजार पहुंचे। वहां भी उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर एसआईआर अभियान की जानकारी दी और सभी पात्र मतदाताओं से इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

अपने इस व्यस्त कार्यक्रम के बीच बीडीओ पप्पू रजक ने नोवामुंडी बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल परिसर में मां के दर्शन भी किए। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर अपना सत्यापन कराने का आग्रह किया।

एसआईआर अभियान को लेकर बीडीओ पप्पू रजक की यह जमीनी सक्रियता पूरे प्रखंड में चर्चा का विषय बनी हुई है। वे लगातार सुबह से देर शाम तक सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर अन्य बूथों का सघन निरीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही, वे बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।
