
संवाददाता, नोवामुंडी
शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे नोवामुंडी–बड़ा जामदा मुख्य मार्ग पर नोवामुंडी कॉलेज के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक छोटे बच्चे समेत पांच हाथियों का झुंड बीच सड़क पर आ गया। अचानक हाथियों को सामने देखकर कई वाहन चालक स्तब्ध रह गए और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड पहले नोवामुंडी बस्ती पहुंचा, जहां आंगनबाड़ी केंद्र के पास लगे केले के पेड़ और कटहल को नुकसान पहुंचाकर खा गया। इसके बाद हाथी मनवीर देव सुरेन के खेत में पहुंचे और वहां लगी गरमा धान की फसल को रौंद दिया, जिससे किसान को नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को आबादी से निकालकर जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि देर रात हाथियों का दल एक बार फिर नोवामुंडी बस्ती के पास मुख्य सड़क पार करते हुए जंगल की ओर जाता दिखाई दिया। वाहनों की हेडलाइट की रोशनी में सड़क पार करते हाथियों का दृश्य देखकर राहगीर और वाहन चालक कुछ देर के लिए सहम गए।

पूरे घटनाक्रम के दौरान वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रही और लोगों से सतर्क रहने तथा हाथियों के पास नहीं जाने की अपील करती रही। क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
