
संवाददाता, नोवामुंडी
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत नोवामुंडी प्रखंड में लाभुकों के लिए गृह प्रवेश एवं आवास की चाबी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एलआरडीसी अनीता केरकेटा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पप्पू रजक ने संयुक्त रूप से लाभुकों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपीं तथा विधिवत गृह प्रवेश कराया।
इस दौरान महुदी पंचायत के पचाई साई निवासी बसंती देवी के नए आवास का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। जैसे ही बसंती देवी ने अपने नए घर में कदम रखा, उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। भावुक होकर उन्होंने कहा, “आज मेरा वर्षों पुराना सपना पूरा हो गया। कभी नहीं सोचा था कि मेरा भी अपना पक्का घर होगा। सरकार ने मेरा सपना साकार कर दिया। इसके लिए मैं सरकार का दिल से धन्यवाद करती हूं।”
इस अवसर पर एलआरडीसी अनीता केरकेटा ने कहा कि सरकार की मंशा हर जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। वहीं बीडीओ पप्पू रजक ने लाभुकों को नए घर की शुभकामनाएं देते हुए योजना का लाभ सही तरीके से उठाने और अपने घर का बेहतर रखरखाव करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सभी लाभुकों को मुख्य अतिथि के हाथों एक-एक हॉकिन्स का प्रेशर कुकर भी भेंट किया गया। इस उपहार को पाकर लाभुकों ने खुशी जताई और सरकार व प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महुदी पंचायत की मुखिया लक्ष्मी देवी, पंचायत सचिव जेबा निकहत, पंचायत कर्मियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने लाभुकों को नए घर की बधाई दी और उनकी खुशियों में शामिल हुए।
गृह प्रवेश समारोह केवल एक सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि उन गरीब परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और नई उम्मीद की शुरुआत का प्रतीक बन गया, जिनका वर्षों पुराना अपने पक्के घर का सपना अबुआ आवास योजना के माध्यम से साकार हुआ। साथ ही प्रेशर कुकर का वितरण लाभुकों के लिए इस खुशी को और भी यादगार बना गया।
