
सरायकेला :कांड्रा सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा लॉन्च किए गए Project ‘Device’ के तहत आज दिनांक 24.06.2026 को काण्ड्रा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। काण्ड्रा थाना पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए कुल 05 मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए काण्ड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर क्षेत्र में गुम हुए मोबाइलों की खोज के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गायब हुए 5 कीमती स्मार्टफोन को ट्रैक करने में कामयाबी हासिल की।

थाना प्रभारी ने आगे बताया कि बरामद किए गए सभी मोबाइलों के वास्तविक स्वामियों का उचित कागजातों के साथ सत्यापन किया गया। इसके बाद आज ही थाना परिसर में सभी मोबाइल धारकों को बुलाकर उनके फोन सही-सलामत सुपुर्द कर दिए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर सभी लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इस त्वरित कार्रवाई के लिए सरायकेला पुलिस व काण्ड्रा थाना प्रभारी के प्रति आभार प्रकट किया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिन मोबाइल धारकों का सत्यापन कर उन्हें फोन सौंपा गया है, उनमें मुख्य रूप से मुकेश कुमार शर्मा (साकिन- काण्ड्रा बाजार, थाना- काण्ड्रा, जिला- सरायकेला-खरसावां), सोनाराम मार्डी (साकिन- डुमरा काण्ड्रा, थाना- काण्ड्रा, जिला- सरायकेला-खरसावां), प्रताप महतो, पिता- सत्यनारायण महतो (साकिन- काण्ड्रा, थाना- काण्ड्रा, जिला- सरायकेला-खरसावां), मंजीत कुमार शर्मा, पिता- गुलाव चांद शर्मा (साकिन- काण्ड्रा, थाना- काण्ड्रा, जिला- सरायकेला-खरसावां) और पंकज सिंह, पिता- कृष्णा सिंह (पता- बेदोलिया, कुटुम्बा, जिला- औरंगाबाद, बिहार) शामिल हैं।

इस दौरान काण्ड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में घबराएं नहीं। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत अपने नजदीकी थाने में इसकी लिखित शिकायत (सनहा) दर्ज कराएं या भारत सरकार के CEIR पोर्टल की मदद लें। इससे मोबाइल का दुरुपयोग रुकता है और पुलिस को उसे तकनीकी तौर पर ढूंढने में काफी आसानी होती है।
