
रविवार को पदमावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर नोवामुण्डी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सामूहिक रूप से मनाया गया। विद्या भारती विद्यालय द्वारा कार्यक्रम सूची के अनुसार कार्यक्रम किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्रबंध समिति के माननीय अध्यक्ष श्रीमान सुनील कुमार सिंह माननीय सचिव श्रीमान चितरंजन बेहरा माननीय कोषाध्यक्ष श्रीमती मालती लागुरी एवं सह सचिव श्रीमती पूनम देवी, एल.एन.टी. के अध्यक्ष श्रीमान एस. राजेश वेंकट एवं सेफ्टी ऑफिसर सुधांशु शेखर प्रसाद तथा स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा पालित के करकमलों द्वारा भारत माता एवं योग गुरु महर्षि पतंजलि के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर योग दिवस का शुभारंभ किया।

इसके पश्चात् बहन आराध्या कुमारी ने स्थापना मंत्र का उच्चारण किया। इसके पश्चात् सभी अतिथिगण, प्रबंध समिति के पदाधिकारीगण, आचार्य दीदीजी, अभिभावकवृंद, भैया बहन ने सामूहिक रूप से योग आचार्य लेवनार्ड अलवेस्टर बोदरा के नेतृत्व में संधि योग, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, अर्द्धकटिचक्रासन, वज्रासन, शशकासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, प्राणायाम में भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, उज्जायी प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम किया। इसके पश्चात् विद्यालय की बहनों द्वारा एक भजन, योग नृत्य प्रस्तुत किया गया।

साथ ही स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्य गुरु मां, प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमान सुनील कुमार सिंह एवं बहन आराध्या ठाकुर ने योग संदेश दिया।योग संदेश का सार था कि प्रतिदिन योग से शरीर मन और बुद्धि का समग्र विकास होता है एवं व्यक्ति निरोग रहकर सकारात्मक जीवन शैली की ओर अग्रसारित होता है।

कार्यक्रम में आगे योग संकल्प बहन संध्या कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया गया जिसे सभी उपस्थित आगुंतकों ने दोहराया।कार्यक्रम के अंत में बहन रुपाली दास ने समापन मंत्र प्रस्तुत किया।इसके पश्चात् एल.एन.टी. के पदाधिकारीगणों द्वारा सभी भैया बहनों, अभिभावक एवं आचार्य दीदी जी को टाटा ग्लूकोज वितरण किया गया।
