
नोवामुंडी – टाटा डी.ए.वी. पब्लिक विद्यालय, नोवामुंडी में आज, 19 जून 2026, शुक्रवार को कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्री आशुतोष प्रियदर्शी (सलाहकार, शेल आर एंड डी सेंटर, बैंगलोर) एवं श्रीमती शशिप्रभा (उपाध्यक्ष, एचडीएफसी बैंक बेंगलुरु) ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। नोट: अतिथियों ने अपने विचार व्यक्तिगत क्षमता में छात्रों को प्रेरित एवं मार्गदर्शित करने के उद्देश्य से साझा किए।
आगत अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। श्री आशुतोष प्रियदर्शी ने विज्ञान के क्षेत्र में सफल करियर के लिए आवश्यक गुणों पर प्रकाश डाला और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उभरते प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की। श्रीमती शशिप्रभा ने वित्त एवं बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न कैरियर विकल्पों तथा संबंधित संसाधनों की जानकारी दी।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने अपने संबोधन में कहा, “जिज्ञासु, अनुशासित और दृढ़ निश्चयी छात्र-छात्राओं की किसी भी क्षेत्र में सफल होने की संभावना अधिक होती है।” उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि एवं लक्ष्य के आधार पर उपयुक्त क्षेत्र का चयन करने की सलाह दी।

कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी शिक्षक श्री मानस रंजन मिश्र ने किया। अनुशासन व्यवस्था को बनाए रखने में क्रीड़ा शिक्षक श्री हर्ष धनवार सक्रिय रहे। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक श्री अरविंद ठाकुर ने किया तथा कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।
उक्त कार्यक्रम में कुल 210 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
