
संवाददाता, नोवामुंडी:
नोवामुंडी संधू पेट्रोल पंप से करीब 500 मीटर दूर मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से बाइक टकरा गई। इस हादसे में कृष्णा एंटरप्राइजेज के मजदूर बीम्बा खिलार (निवासी गौड़ दीघिया) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे मौके पर ही बेहोश हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर को बिना किसी लाइट या सुरक्षा संकेत के सड़क पर गलत तरीके से खड़ा किया गया था, जिससे यह दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और स्थिति नाजुक होने के कारण सीटी स्कैन के बाद उन्हें बाहर रेफर किया जाएगा।
हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने ट्रेलर चालक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
