
नोवामुंडी संवाददाता,8 मई। नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत महुदी मुंडा साई गांव के निकट शुक्रवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक अजय सुरेन की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नोवामुंडी-जैंतगढ़ मुख्य मार्ग पर शाम करीब 4: से 5 बजे उस समय हुआ, जब दो तेज रफ्तार बाइक आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

मृतक अजय सुरेन ग्राम महुदी मुंडा साई टोला का निवासी था। बताया गया कि वह अपने मित्र के साथ नोवामुंडी बाजार सब्जी खरीदने आया था और घर से महज दस कदम की दूरी पर ही हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। परिजनों ने उसे पानी पिलाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना में घायल युवकों की पहचान महुदी मुंडा साई निवासी आनंद लागूरी (40), पादा पहाड़ मुंडा साई निवासी मनीष बालमुचु (24) तथा जगरनाथ बालमुचु (16) के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) नोवामुंडी पहुंचाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण दो बार एंबुलेंस घटनास्थल पर भेजी गई।
तेज रफ्तार और बिना हेलमेट बना हादसे का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज रफ्तार और हेलमेट नहीं पहनना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद नोवामुंडी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इधर अजय सुरेन की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी पत्नी का रो रो के बुरा हाल था उसकी दो छोटी बेटियां है कुछ तस्वीरें मन को विचलित करने वाली है इसलिए संचार भारत न्यूज़ उन तस्वीरों को लगाने में परहेज करता है

