
जगन्नाथपुर। प्रखंड के जलडीहा करनजिया गांव में दोपहर को अचानक आए मौसम के बदलाव ने भारी तबाही मचाई है। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि गांव के कई घरों के ऊपर लगे एस्बेस्टस की छतें ताश के पत्तों की तरह उड़ गईं, जिससे घर के अंदर रखा सामान भी भीग गया और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान गांव की मुख्य सड़क पर एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया, जिसकी वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अचानक आई इस आपदा से डरे-सहमे लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। जिन परिवारों के घरों की छतें उड़ गईं, उन्होंने आनन-फानन में अपने पड़ोसियों के पक्के मकानों में शरण ली। गनीमत यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में अब तक किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों का काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द सड़क से पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया जाए और हुए नुकसान का उचित आकलन कर पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाए। फिलहाल ग्रामीण खुद भी अपने स्तर पर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं।
