
संवाददाता नोवामुंडी
नोवामुंडी बाजार में श्री श्री अखंड नाम संकीर्तन कमिटी की ओर से बैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज से तीन दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन का भव्य शुभारंभ हो गया है। सुबह नोवामुंडी के ऐतिहासिक उड़िया छठ तालाब घाट पर पुरोहितों द्वारा विधि-विधान के साथ कलश पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके बाद भक्ति गीतों और हरिनाम संकीर्तन के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिससे पूरा क्षेत्र “हरे राम-हरे कृष्ण” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

पुरोहित लंबोदर पांडा, सुकुमार पांडा और सुशांत पांडा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कीर्तन का शुभारंभ कराया। जय मंगलपुर (चंपुआ), सान बड़बिल, बलियाडीह (उड़ीसा), हुटार पूशी पुरुष और जाजपुर से आई महिला कीर्तन मंडलियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। आयोजन में नरेंद्र दत्ता, सुब्रत साहू उर्फ बबली सहित बड़ी संख्या में कमेटी सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे। बाजार स्थित कीर्तन परिसर में कमेटी द्वारा सुंदर सजावट और उत्कृष्ट व्यवस्था की गपड़ा।

इसी क्रम में पुरोहितों ने बताया कि उड़िया छठ तालाब घाट जाने वाले मार्ग में गंदगी होने के कारण कलश में जल भरने के बाद शोभायात्रा को मार्ग बदलकर वापस आना पड़ा।
70 वर्षों से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी लोगों की गहरी आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनी हुई है। कीर्तन के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है और अगले तीन दिनों तक पूरा क्षेत्र भक्ति और संकीर्तन के माहौल में सराबोर रहेगा।
