
नोवामुंडी—22अप्रैल (बुधवार) को नोवामुंडी कॉलेज में बीकॉम सेमेस्टर-1 के छात्र सिद्धार्थ कुमार प्रसाद को विज्ञान व तकनीकी के क्षेत्र में उनकी विशेष उपलब्धी के लिए प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। यह कॉलेज परिवार के लिए एक गर्व का क्षण था।सिद्धार्थ ने ‘क्लिप्स्टर’ नाम का एक उपयोगी ऐप बनाया है, जो उनके तकनीकी ज्ञान और नई सोच को दर्शाता है। उनकी कंपनी का नाम एएक्सएक्सोरा प्राइवेट लिमिटेड है। उनका ‘क्लिप्स्टर’ ऐप देश-विदेश में भी डाउनलोड किया जा रहा है।सिद्धार्थ अपनी सफलता के लिए कॉलेज के प्राचार्य और सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें कॉलेज से हमेशा सहयोग मिला है। आगे भी ऐसा सहयोग मिलता रहा तो वे भविष्य में और नई तकनीकी चीजें बनाने का प्रयास करेंगे।सिद्धार्थ बड़ा जामदा, पश्चिमी सिंहभूम के निवासी हैं। उन्होंने अपने कार्य से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने कहा कि सिद्धार्थ कुमार प्रसाद ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनका ‘क्लिप्स्टर’ ऐप आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सिद्धार्थ को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्राचार्य ने आगे कहा कि सारंडा वन क्षेत्र में स्थित यहाँ के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा किसी से छुपी नहीं है। चाहे पढ़ाई हो या खेल का क्षेत्र, यहाँ के छात्र-छात्राएं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना चुके हैं और माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई प्रशिक्षण जैसी उपलब्धियाँ भी हासिल कर चुके हैं।प्राचार्य ने यह भी कहा कि महाविद्यालय सदैव ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि वे अपने कौशल का विकास कर समाज और देश के निर्माण में योगदान दे सकें।अंत में महाविद्यालय परिवार ने सिद्धार्थ को धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर प्रबंधन समिति के सदस्य श्री सनत प्रधान, सहायक प्राध्यापक पी.एन महतो, कुलजिंदर सिंह, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, धनीराम महतो, नरेश कुमार पान, राजकरण यादव, संतोष कुमार पाठक, तन्मय मंडल, शांति पुरती, सुमन चातोम्बा, मंजू लता सिंकु, हीरा चातोम्बा, डॉ. क्रांति प्रकाश, जगन्नाथ प्रधान, रामबहादुर चौधरी, गुरुचरण बालमुचू आदि उपस्थित थे
