
जमशेदपुर। मोटोरोला ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन ‘मोटोरोला एज 70 प्रो’ उतार दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 36,999 रुपये रखी है। फोन 29 अप्रैल से फ्लिपकार्ट, मोटोरोला डॉट इन और प्रमुख रिटेल में उपलब्ध होगा। खास बात यह है कि कंपनी ने इसे कम रोशनी में बेहतर फोटोग्राफी और एआई आधारित परफॉर्मेंस पर फोकस करते हुए डिजाइन किया है।
फोन में शानदार कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50 मेगापिक्सल का सोनी लिटिया 710 सेंसर के साथ ट्रिपल कैमरा है। वहीं 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड और मैक्रो कैमरा भी मिलेगा। सेल्फी के लिए 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह सभी कैमरों से 4के 60 एफपीएस की वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है।
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें मीडियाटेक डाइमेंसिटी 8500 एक्सट्रीम प्रोसेसर दिया गया है। फोन 12 जीबी तक रैम और 256 जीबी स्टोरेज के साथ आता है। इसमें 6.8 इंच का 144 हर्ट्ज 1.5के कर्व्ड एमोएलइडी डिस्प्ले है, जिसकी ब्राइटनेस 5200 निट्स है। यह बेहतर विजुअल एक्सपीरियंस देगा। फोन में 6500 एमएएच की दमदार बैटरी दी गई है, जो 90 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के एमडी टी.एम. नरसिम्हन ने कहा कि यह डिवाइस प्रीमियम डिजाइन, दमदार कैमरा और एआई फीचर्स के साथ यूजर्स को नया अनुभव देगी।
