


नोवामुंडी: स्थानीय पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुंडी में शनिवार को सत्र 2025-26 के वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा उत्साहपूर्ण माहौल में की गई। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा।

इस अवसर पर कक्षा अरुण से नवम तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बहन सम्प्रति पालित (कक्षा सप्तम) और बहन स्वाति बरजो (कक्षा तृतीय) को ‘ओवरऑल चैंपियन’ के खिताब से नवाजा गया।


मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील के चीफ इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट (OMQ) नारायण शर्मा, टाटा स्टील HR निशिकांत सिंह, और जनजातीय अध्यक्ष (बड़ाजामदा) शंभू हाजरा उपस्थित थे। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सचिव चितरंजन बेहरा, कोषाध्यक्ष मालती लागुरी और प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा पालित ने अतिथियों का स्वागत किया।

कड़ी मेहनत ही सफलता की कुंजी: नारायण शर्मा

मुख्य अतिथि नारायण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “विद्यालय परिसर में कदम रखते ही मंदिर जैसी पवित्र अनुभूति होती है। सफल विद्यार्थियों को साधुवाद, लेकिन याद रखें कि निरंतर मेहनत और खुद को अपडेट रखने से ही आप भविष्य में और बेहतर परिणाम पा सकते हैं।”

वहीं, निशिकांत सिंह ने कहा कि जो बच्चे इस बार शीर्ष पर नहीं आ पाए, उन्हें अगले सत्र में दोगुनी ऊर्जा के साथ प्रयास करना चाहिए।
