
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका संध्या रानी प्रधान को सेवानिवृत उपरांत शिवकाली मंदिर कमेटी सम्मानित करेगी। संध्या रानी प्रधान न्यू कॉलोनी उच्च विद्यालय आदित्यपुर दिंदली बस्ती की प्रधान शिक्षिका हैं। शिक्षिका संध्या प्रधान 31 मार्च को सेवानिवृत हो रहीं हैं और एक अप्रैल को कमेटी द्वारा उन्हें नागरिक अभिनंदन एवं सम्मानित किया जाएगा। यह निर्णय बुधवार को शिव काली मंदिर समिति न्यू हाउसिंग कॉलोनी की बैठक में लिया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिक संघ एवं प्रभात नगर विकास समिति के पदाधिकारी भी मौजूद थे।बता दें कि संध्या प्रधान वार्ड 17 में ही रहती हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवा देख उन्हें नागरिक अभिनंदन करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, संयोजक आरएन प्रसाद, उपाध्यक्ष उमेश दुबे, कैलाश पाठक, उपेन्द्र ठाकुर, जवाहर सिंह, वरिष्ठ नागरिक संघ के महासचिव रामचंद्र पासवान, प्रमोद गुप्ता एवं अन्य लोग शामिल हुए। एक अप्रैल के नागरिक अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि जिले के डीसी अरवा राजकमल, विशिष्ट अतिथि अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद, एडीसी सुबोध कुमार तथा सम्मानित अतिथि पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह शामिल होंगे।
