
नोवामुंडी, 23 फरवरी (संवाददाता): नोवामुंडी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे अंडरपास ब्रिज के नीचे शनिवार सुबह खड़ी मजदूरों की मोटरसाइकिलों में अचानक आग लग जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सुबह 8 बजे से 8:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, हालांकि सटीक समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर रोज की तरह सुबह 8 बजे तक अपनी-अपनी बाइक अंडरपास के नीचे खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए थे। इसी दौरान वहां से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया।

शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार किया जा रहा है, क्योंकि अंडरपास के नीचे कोई बिजली का तार या उपकरण मौजूद नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

सूचना मिलते ही कंपनी के कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगभग आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। तब तक दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं, जबकि तीन अन्य आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं।

पीड़ित मजदूरों में सोमा लागूरी, मंगल सिंह पुरती, और सरजोम सिंकु शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
