
नोवामुंडी संवाददाता,16 जनवरी:नोवामुंडी प्रखंड कार्यालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी पप्पू रजक ने की।बैठक में वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ वर्तमान मतदाता सूची का मिलान (मैपिंग) करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पुराने मतदाता अभिलेखों के आधार पर वर्तमान सूची की गहन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अपात्र या दोहरे मतदाता नाम की पहचान की जा सके।
इसके साथ ही जिन मतदाताओं के पहचान पत्र में ब्लैक एंड व्हाइट फोटो दर्ज हैं, उनके संबंध में आवश्यक सुधार हेतु प्रपत्र-8 भरवाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि सभी योग्य मतदाताओं का अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता पहचान पत्र तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है।प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री रजक ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में सक्रिय रहकर घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करें तथा मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों एवं सुधार प्रक्रिया की जानकारी दें। उन्होंने यह भी कहा कि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक के अंत में सभी कर्मियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया गया।
