
नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोबेंटा मुख्य मार्ग के पास शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे एक तेज रफ्तार टेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे में टेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। गाड़ी में कोई खलासी मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही कड़ाके की ठंड के बावजूद नोवामुंडी थाना प्रभारी एवं सब इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को टाटा स्टील की एंबुलेंस से तत्काल टिस्को अस्पताल, नोवामुंडी में इलाज के लिए भर्ती कराया। टेलर सड़क के बीच पलट जाने के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए देर रात जेसीबी की मदद से टेलर को सड़क से हटवाया और मार्ग को सुचारू कराया।
हादसे में शामिल टेलर फिलहाल घटनास्थल पर ही है, जिसे आज थाना लाया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में नोवामुंडी पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता साफ तौर पर देखने को मिली, जिसने ठंड और रात के अंधेरे में भी जिम्मेदारी निभाते हुए एक घायल की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
