
सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कांड्रा एसकेजी कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मनोज खत्री के घर में एक ब्रॉन्ज बैक ट्री-स्नेक (कांसा पीठ वाला पेड़ सांप) निकल आया, जो कि विषहीन है।सांप को देखकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सांप को जमीन से छत के ऊपर उड़कर पहुंचते देख लोगों की चीख-पुकार सुनकर सांप मित्र सुल्तान मिर्जा को सूचना दी गई। सूचना पाकर पहुंचे सांप मित्र सुल्तान मिर्जा ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। सांप को पकड़ने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।सुल्तान मिर्जा ने कहा कि ब्रॉन्ज बैक ट्री-स्नेक विषहीन है, इसे काटने से जहर नहीं लगता है। वहीं, परिवार के सदस्य और वहां मौजूद लोगों ने सांप मित्र सुल्तान मिर्जा की जमकर तारीफ की। बताते चलें कि सांप मित्र सुल्तान मिर्जा बचपन से ही सांप पकड़ने में माहिर हैं और वे चुटकी में विषैला से विषैला सांप को अपने बस में कर लेते हैं। सांप को पकड़ने के बाद सुल्तान मिर्जा ने सांप को कांड्रा के एक जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया, जिससे लोगों को सांप के खतरे से निजात मिली।
