
चांडिल के शहरबेड़ा में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में मारे गए भाजपा नेता बास्को बेसरा के छोटे पुत्र इंटर का छात्र अनमोल बेसरा उर्फ चीकू का शनिवार को आदिवासी रीति- रिवाज के साथ पार्वती घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके बड़े भाई अग्नि बेसरा ने मुखाग्नि दी। इससे पूर्व शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने आम से लेकर खास तक भाजपा नेता बास्को बेसरा के पैतृक आवास सीतारामपुर लखनडीह में जुटे और उन्हें ढांढस बंधाया। मृत अनमोल बेसरा का पार्थिव शरीर लखनडीह पहुंचते ही परिवार के लोग दहाड़ मार कर रोने लगे। पूरा माहौल गमगीन हो गया। सांत्वना देने पहुंचने वालों में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, भाजपा नेता आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव, भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उरांव, पूर्व विधायक अरविंद सिंह, समाजसेवी शंभू सिंह, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, गणेश महाली, रमेश हांसदा, दुर्गा सोरेन सेना जिलाध्यक्ष सन्नी सिंह, पूर्व जिप अध्यक्ष शकुंतला महाली, भाजपा नेत्री रितिका मुखी, सांसद प्रतिनिधि मोनू झा सहित कई लोग मौजूद रहे।बता दें कि शुक्रवार की शाम ट्यूशन के बाद अपने दोस्तों संग घूमने निकले बास्को बेसरा के पुत्र अनमोल बेसरा का चांडिल के शहरबेड़ा के पास स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। घटना इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे। स्कॉर्पियो में अनमोल बेसरा उसकी ट्यूशन की दोस्त अनन्या वर्मा एवं युवराज सिंह शामिल थे। सभी को गंभीर चोटें आई थी।चिकित्सकों ने इलाज के बाद अनमोल एवं अनन्या को मृत घोषित कर दिया था, जबकि युवराज की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
