
नोआमुंडी। सेंट मेरीज चर्च, नुआमुंडी पल्ली में नवा खानी एवं मिशन संडे का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर फादर George ने पवित्र मिस्सा बलिदान संपन्न किया और उपस्थित ख्रीस्तीय विश्वासियों को प्रेम, त्याग और सेवा का संदेश दिया।
अपने प्रवचन में फादर georgeने कहा कि हमें अपने पड़ोसियों से प्रेम करना चाहिए और अपने जीवन में प्रभु को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। उन्होंने बाइबल में वर्णित काइन और हाबिल के उदाहरण के माध्यम से समझाया कि हाबिल ने अपनी भेड़ों में से सबसे उत्तम भेड़ प्रभु को अर्पित की थी। उसी प्रकार हमें भी अपने जीवन का सर्वोत्तम प्रभु को समर्पित करना चाहिए।

उन्होंने विश्वासियों से आह्वान किया कि वे अपने आचरण, प्रेम और सेवा के माध्यम से समाज के सामने एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करें।
नवा खानी पर्व के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएँ दीं। माता-पिताओं द्वारा चर्च में नए फसल से तैयार चूड़ा अर्पित किया गया, जिसे सभी ने आपस में बाँटकर ग्रहण किया। इस दौरान माता-पिताओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर पर्व की खुशियों को और बढ़ाया।

प्रेम, एकता, भाईचारे और प्रभु के प्रति कृतज्ञता के संदेश के साथ नवा खानी एवं मिशन संडे का पर्व हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
