
कांड्रा। वन भूमि पर कथित अतिक्रमण और कंपनी के विस्तारीकरण कार्य के विरोध में अखिल भारतीय आदिवासी मूलवासी रक्षा मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाया है। 18 अक्टूबर 2026 को मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्य सलाहकार संग्राम मार्डी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पिंडराबेड़ा, तिलोपदा, बांकीपुर और रायमाड़ा सहित आसपास के गांवों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने तथा मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
मोर्चा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के विस्तारीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। आरोप लगाया गया कि कंपनी के विस्तार के दौरान वन भूमि पर कथित अतिक्रमण किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या बढ़ने की बात भी कही गई।
2022 में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
मोर्चा का कहना है कि वर्ष 2022 में ग्रामसभा के माध्यम से कंपनी प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय प्रशासन, संबंधित विभागों तथा राज्य और केंद्र सरकार को लिखित शिकायतें सरायकेला उपायुक्त के माध्य्म से
सौंपी गई थीं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। मोर्चा ने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए वन भूमि की स्थिति की जांच करने की मांग की है।
हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की तैयारी
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर वन अधिकार अधिनियम कार्य के विरोध में तथा पांचवीं अनुसूची क्षेत्र से जुड़े प्रावधानों के कथित उल्लंघन के खिलाफ आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। मोर्चा ने कहा कि यदि ग्रामीणों की शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो ग्रामसभा के माध्यम से झारखंड हाईकोर्ट, रांची में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करने की पहल की जाएगी। मोर्चा ने वन प्रमंडल सरायकेला और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वन भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगों की अनदेखी होने पर ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे।
बैठक में ये सदस्य रहे शामिल
बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष संग्राम मार्डी, सचिव भरत हांसदा के अलावा सोमाय मार्डी, सुनील मार्डी, सुरेश टुडू, सुराय बेसरा, कालीचरण हांसदा, कालीपद सरदार, कुशल मार्डी, कंचन मार्डी, वेजनती टुडू, सनज्योति मार्डी, अविनाश टुडू, सरिता टुडू, मुखी टुडू और सुकू हेंब्रम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
