
कांड्रा। कांड्रा टोल ब्रिज के समीप 12 अक्टूबर 2026 को हुई सड़क दुर्घटना में घायल रघुनाथपुर निवासी विदेशी पात्र की पत्नी प्रतिमा पात्र को इलाज के बाद 17 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। JLKM नेता राहुल देव महतो की पहल पर पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च वाहन मालिक द्वारा वहन करने पर सहमति बनी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से शांतिपूर्ण माहौल में सुलहनामा संपन्न हुआ। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद प्रतिमा पात्र को तत्काल बिष्टुपुर स्थित टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआत में वाहन मालिक द्वारा इलाज का पूरा खर्च उठाने में असमर्थता जताए जाने से पीड़ित परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई थी। ऐसे में JLKM नेता राहुल देव महतो ने मामले में पहल करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास किया। उन्होंने वाहन मालिक के साथ कई दौर की बातचीत की और पीड़ित पक्ष की समस्याओं को मजबूती से रखा। उनके लगातार प्रयासों के बाद वाहन मालिक इलाज का पूरा खर्च उठाने पर सहमत हो गया। 17 अक्टूबर को प्रतिमा पात्र के स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से सुलहनामा संपन्न हुआ। इस पहल से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली।
