
प्रतिनिधि, नोवामुंडी सोमवार देर शाम करीब सात बजे पचाई साईं एनर्जी मुर्गी पोल्ट्री फार्म में तीन नकाबपोश हथियारबंद लुटेरों के घुसने से इलाके में हड़कंप मच गया.बदमाशों ने फार्म के चौकीदार परकेस नायक की कनपटी पर देसी कट्टा सटा दिया और लूट का प्रयास किया.इस दौरान लोहे के धारदार हथियार से कैश काउंटर तोड़ने की भी कोशिश की गई.हालांकि, काउंटर में पैसे नहीं मिलने पर बदमाशों की योजना विफल हो गई और तीनों मौके से फरार हो गए. वारदात के दौरान दो लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं, जबकि तीसरा बदमाश मोटरसाइकिल लेकर बाहर खड़ा था.घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी कोटगढ़ की ओर फरार हो गए.

खास बात यह है कि जिस इलाके में यह वारदात हुई, उसके आसपास दो पेट्रोल पंप के अलावा कई होटल और दुकानें भी संचालित हैं.ऐसे व्यस्त इलाके में देर शाम हथियारबंद बदमाशों के पहुंचने और लूट का प्रयास करने से व्यापारियों व स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है.घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में घेराबंदी कर दी.देर रात तक पुलिस ने विभिन्न इलाकों में पेट्रोलिंग की, लेकिन फरार अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका.पोल्ट्री फार्म के मालिक रूपेश ठाकुर ने मामले को लेकर नोवामुंडी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

थाना के सब-इंस्पेक्टर अभिनय कुमार ने बताया कि आर्म्स एक्ट और लूट के प्रयास के संबंध में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.मामले में केस नंबर 30/26 दर्ज किया गया है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
