
प्रतिनिधि, नोवामुंडी नोवामुंडी थाना क्षेत्र के लोकेसाई मुख्य मार्ग के समीप मंगलवार को महज दो घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। दोनों हादसों में फेवर ब्लॉक लदे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गए। हादसे के कारण कुछ देर तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।पहली दुर्घटना दोपहर करीब दो बजे हुई। बताया जाता है कि लाल रंग का फेवर ब्लॉक लदा ट्रैक्टर तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गया।

हादसे के बाद फेवर ब्लॉक सड़क पर बिखर गए। ट्रैक्टर चालक इंजन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रैक्टर की ट्रॉली सड़क पर ही पड़ी रही। इससे आवागमन बाधित हो गया।वहीं दूसरी दुर्घटना शाम करीब चार बजे हुई।

उसी स्थान पर फेवर ब्लॉक लदा एक अन्य ट्रैक्टर तेज रफ्तार में रनिंग काटने के दौरान एक टेंपो को रगड़ मारते हुए सड़क के बीच पलट गया। टक्कर से टेंपो का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि टेंपो चालक बाल-बाल बच गया। ट्रैक्टर में सवार लोग भी कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

हादसे में ट्रैक्टर का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क के बीच बिखरे फेवर ब्लॉक हटाने के लिए कोटगढ़ प्लांट से डोजर मंगाया गया, जिसके बाद सड़क को साफ कर आवागमन बहाल कराया गया।
