
विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, कथा-श्रवण के बाद हवन व आरती में शामिल हुए पुलिसकर्मी
प्रतिनिधि, नोवामुंडी। भादों पूर्णिमा के पावन अवसर पर नोवामुंडी थाना परिसर में भगवान श्री सत्यनारायण की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित की गई। इस दौरान पूरा थाना परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
पंडित सुकुमार पोन्डा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। थाना की सब इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी यजमान के रूप में पूजा में शामिल हुईं। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान सत्यनारायण की कथा का श्रवण किया। इसके उपरांत विधिवत हवन एवं आरती की गई।

आरती के दौरान थाना परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान सत्यनारायण से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के समापन के बाद सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर अभिनय कुमार, सब इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, सुशील सिंह, अखिलेश सिंह और अरविंद पाठक समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बताया गया कि नोवामुंडी थाना परिसर में प्रत्येक पूर्णिमा के अवसर पर नियमित रूप से पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है।
