
प्रतिनिधि, नोवामुंडी नोवामुंडी-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग डीवीसी वैभव लक्ष्मी जनरल स्टोर के समीप स्पीड ब्रेकर के सामने बना गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है.बीते दो दिनों में इस गड्ढे में फंसकर बाइक सवार तीन से चार लोग घायल हो चुके हैं.इनमें बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं.बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है.

गड्ढे में पानी भर जाने के कारण इसकी गहराई और स्थिति का पता नहीं चल पाता.अचानक गड्ढा सामने आने पर बाइक चालक संतुलन खो बैठते हैं और सड़क पर गिरकर घायल हो जाते हैं.स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर आए दिन छोटी-बड़ी घटनाएं हो रही हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.बताया जाता है कि कुछ दिन पहले संबंधित स्थान पर गड्ढे को मिट्टी डालकर भरने का प्रयास किया गया था,

लेकिन बारिश के पानी के साथ मिट्टी बह जाने से गड्ढा दोबारा बन गया.इसके बाद से समस्या फिर जस की तस बनी हुई है और रोजाना वाहन चालक यहां दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर के सामने बने गड्ढे को तत्काल भरवाने और सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है,

ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को दुर्घटना से बचाया जा सके.लोगों का कहना है कि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
