
नोवामुंडी: संवाददाता: संचार भारत न्यूज़ टाटा डी. ए. वी.
पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में शुक्रवार को विद्या भारती द्वारा आहूत ‘वंदे मातरम’ समूह गान प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर शिशु मंदिर, नोवामुंडी की शिक्षिका कु. अर्चना देव ने कुछ स्वयंसेवक बच्चों की सहायता से उपरोक्त कार्यक्रम में सहायता की।शिक्षिका अर्चना देव ने बताया कि यह प्रतियोगिता आज बड़े स्तर पर विद्या भारती के बैनर तले आयोजित की गई है, जहाँ सभी विद्यालयों में पूर्वाह्न 11 बजे से सामूहिक रूप से गाने का संकल्प लिया गया है, ताकि राष्ट्रभक्ति की भावना को बल मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “वंदे मातरम हमारे स्वतंत्रता संग्राम का जीवंत एवं ऊर्जावान साक्षी है। यह गीत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के प्रेरणादायी उपन्यास ‘आनंद मठ’ से लिया गया है। इस गीत को छह अंतरों में बाँटा गया है और इसकी प्रत्येक पंक्ति राष्ट्रभक्ति की उद्ग्र भावना को झंकृत करती है। सामूहिक अवसरों पर इसकी सभी पंक्तियाँ गेय हैं।”
कार्यक्रम का सफल संयोजन संगीत शिक्षक अरविंद ठाकुर के नेतृत्व में किया गया। इसकी रूपरेखा तैयार करने में सी सी ए विभाग के प्रभारी देवेन्द्र देव ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के कुल 90 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
