
नोवामुंडी जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री सोनाराम सिंकु ने बुधवार को नोवामुंडी स्थित पूर्व विधायक श्री मंगल सिंह बोबोंगा के आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लंबे समय तक विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई।
मुलाकात के दौरान विधायक श्री सोनाराम सिंकु ने पूर्व विधायक श्री मंगल सिंह बोबोंगा का हाल-चाल जाना और उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने झारखंड आंदोलन के दौर की पुरानी यादों, संघर्षों और उस समय के अनुभवों को साझा किया। बातचीत के दौरान झारखंड आंदोलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं तथा आंदोलन के दौरान किए गए संघर्षों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि झारखंड आंदोलन का दौर संघर्ष, त्याग और जनभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण अध्याय रहा है। उस दौर के संघर्षों और अनुभवों को याद करना नई पीढ़ी के लिए भी महत्वपूर्ण है।

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों को लेकर भी सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। इस आत्मीय मुलाकात ने पुराने राजनीतिक एवं आंदोलनकारी संबंधों की स्मृतियों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मामूर अंसारी, दानिश हुसैन एवं विजय गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
