
नोआमुंडी। सारंडा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीसी) की वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक आमसभा (एजीएम) नोआमुंडी आदिवासी एसोसिएशन परिसर में आयोजित हुई। टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से संचालित एफपीसी की आमसभा में करीब 150 शेयरधारकों के साथ निदेशक मंडल के सदस्यों, सामुदायिक प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया।आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट और ऑडिट रिपोर्ट शेयरधारकों के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसे अनुमोदित किया गया। बैठक में एफपीसी के वर्षभर के प्रदर्शन, उपलब्धियों और वित्तीय गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी बिजनेस प्लान, नए सदस्यों को जोड़ने तथा किसानों के लिए वित्तीय संस्थानों एवं सरकारी योजनाओं से बेहतर जुड़ाव पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में टाटा स्टील लिमिटेड के विजय-II माइंस के चीफ राजीव कुमार बतौर पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। टाटा स्टील के नोआमुंडी हेड नितेश माहेश्वरी, टाटा स्टील फाउंडेशन के नोआमुंडी इम्पैक्ट क्लस्टर हेड रविंद्र कुमार, यूनिट लीड संदीप केसरवानी, लीड एग्रीकल्चर पार्थ सारथी और मैनेजर एग्रीकल्चर सतीश पाणिग्रही सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय समुदाय के मानकी निरंजन बोबोंगा एवं सुरेंद्र चतोम्बा, बैंक ऑफ इंडिया, नोआमुंडी शाखा की बैंक मैनेजर ज्योति बिरुआ तथा SIDHKOFED के प्रोजेक्ट मैनेजर रंजीत गुप्ता भी उपस्थित थे।आमसभा के दौरान शेयरधारकों को शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में योगदान के लिए तीन प्रगतिशील किसानों—हेमंत कुमार बेहरा, मनोज पूर्ति और चांदमनी लागुरी—को सम्मानित किया गया।सारंडा एफपीसी वर्तमान में कस्टम हायरिंग सेंटर, एग्री-इनपुट सेंटर और मशरूम स्पॉन प्रोडक्शन सेंटर सहित विभिन्न किसान-केंद्रित सेवाएं संचालित कर रही है। इन पहलों के माध्यम से किसानों को कृषि इनपुट एवं कृषि उपकरणों की सुविधा उपलब्ध कराने, खेती की लागत कम करने तथा अतिरिक्त आय और ग्रामीण उद्यमिता के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।टाटा स्टील फाउंडेशन एवं अन्य हितधारकों ने किसानों से एफपीसी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा सामूहिक खरीद, विपणन, मूल्य संवर्धन और कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।आमसभा का समापन सारंडा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को एक मजबूत एवं टिकाऊ किसान-स्वामित्व वाली संस्था के रूप में विकसित करने तथा क्षेत्र के किसानों के लिए आजीविका एवं आय के नए अवसर सृजित करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
